सुनील कश्यप, सुकमा- बस्तर संभाग में नक्सली मोर्चे पर तैनात सुरक्षाबल के जवानों के द्वारा लगातार अंदरूनी इलाकों के ग्रामीण के दिलों में जगह बनाने के लिए अलग-अलग प्रयास किया जा रहे हैं. इसी बीच एक बार फिर से बस्तर संभाग के सुकमा जिले के अंदरूनी इलाकों में सीआरपीएफ के जवानों के द्वारा मौसमी बीमारियों व मलेरिया से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक व आवश्यक दवाई का वितरण किया गया. ताकि ग्रामीण इन बीमारियों की चपेट में ना आए.
दरअसल मलेरिया का प्रकोप बस्तर में हमेशा से ही देखने को मिलता है. सुरक्षाबल के जवानों के साथ ही अंदरूनी क्षेत्र के ग्रामीण मलेरिया से पीड़ित होकर अस्पताल पहुंचते हैं. कई दफा ऐसा हुआ है कि ग्रामीणों की मौत मलेरिया की वजह से भी हुई है. जिसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के द्वारा मलेरिया पखवाड़ा लगातार चलाए जा रहा है. इन दिनों बस्तर में भी मलेरिया पखवाड़ा स्वास्थ्य विभाग के द्वारा चलाया जा रहा है. जिसका एक हिस्सा बनकर सीआरपीएफ के जवान भी डटे हुए हैं और अपने सर्चिंग के दौरान अंदरूनी इलाकों में अभियान चलाकर ग्रामीणों को मलेरिया, मौसमी बीमारी, बुखार से संबंधित जानकारी दे रहे हैं. साथ ही जरूरतमंद को गोली दवाई देते नजर आ रहे हैं. इसके अलावा मलेरिया किट से भी जांच की जा रही है. तमिलवाड़ा स्थित सीआरपीएफ के 74 सी वाहिनी के द्वारा ग्रामीणों को जागरूक व दवाईयों का वितरण किया जा रहा है. साथ ही बीमारी के पॉजिटिव स्थिति में नजदीकी कैंप व नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर जल्द से जल्द इलाज कराने का सलाह भी दे रहे हैं.