जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बस्तर पुलिस को अवैध उर्वरक खाद के मामले में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक ट्रक से 5 लाख रुपये से भी अधिक कीमती अवैध उर्वरक खाद जब्त किया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में सवार दो व्यक्ति अवैध उर्वरक खाद लेकर उसे बेचने की फिराक में ग्राम धनपुंजी देवड़ा मंदिर जाने वाले मार्ग रेलवे क्रासिंग की तरफ जा रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई रविन्द्र कुमार (प्रशिक्षु आईपीएस) के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तत्काल ही मौके पर के लिए रवाना किया गया. पुलिस की टीम ने रेलवे क्रोसिंग के पास घेराबंदी करते हुए वहां से गुजर रहे एक ट्रक आरजे 34 जीए 2892 को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने ट्रक में सवार दो लोगों से पूछताछ करते हुए ट्रक की तलाशी ली. तलाशी के दौरान पुलिस ने ट्रक के डाला में से 297 नग पोटास और 12 नग यूरिया की बोरिया बरामद किया. जिसकी कीमत पुलिस ने 5 लाख 25 हजार रुपये से अधिक बताई है. इसके बाद पुलिस ने ट्रक सवार दोनों लोगों ने पकड़े गए उक्त उर्वरक खाद से सम्बंधित कागजात के बारे में पूछा. जिस पर पकड़े गए दोनों व्यक्तियों ने पुलिस को संतोषजनक जवाब नही दिया. जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों श्रीनिवास मीना (47) निवासी जिला करौली (राजस्थान) और शिवलाल (32) निवासी जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 16 चक्का ट्रक, दो मोबाइल फ़ोन और 5 हजार 9 सौ रुपये नगद भी बरामद किया है. पुलिस ने धारा 420 भादवि आ. व . अधि. धारा 3, 7 के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

अधिक जानकारी देते हुए सीएसपी ने बताया कि उक्त अवैध उर्वरक खाद को किसी अज्ञात व्यक्ति ने राजस्थान से आर्डर पर मंगवाया था. उन्होंने बताया कि पुलिस ने जब्त अवैध उर्वरक खाद के साथ आरोपियों के पास से इंडस्ट्रियल सॉल्ट के नाम से एक बिल भी बरामद किया है. इसके अलावा सीएसपी ने उक्त खाद को डुप्लीकेट होने की आशंका जाहिर की है. आरोपियों के द्वारा इस अवैध खाद को बेचने के सरकारी बोरियों का इस्तेमाल किया जा रहा था. उन्होंने बताया कि इस मामले में शामिल मुख्य आरोपी की तलाश के साथ ही पुलिस के द्वारा कड़ी जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed