सुनील कश्यप, सुकमा- बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई हैं. इस मुठभेड़ में तीन से चार नक्सलियों के घायल होने का दावा सुरक्षाबल के जवानों ने किया है. इस मुठभेड़ की पुष्टि जिला पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने की है.
मामले की जानकारी देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि जिले के एर्राबोर थाना क्षेत्र के मरईगुड़ा-रेगड़गट्टा इलाके में कोंटा एरिया कमेटी के कमांडर मंगड़ू, वेट्टी भीमा और अन्य नक्सलियों के मौजूदगी की सूचना मुखबिर से मिली थी. सूचना पर नक्सलियों के खिलाफ एक ऑपरेशन लांच किया गया. हर जिले के डीआरजी टीम को ऑपरेशन के लिए चिन्हित इलाके में रवाना किया गया. जंगल के इलाके में सर्चिंग करते हुए जैसे ही जवान रेगड़गट्टा गाँव के समीप पहुंचे. वैसे ही घात लगाए नक्सलियों ने सुरक्षाबल के जवानों को अपनी ओर आता देख उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दिया. आनन-फानन में मोर्चा संभालते हुए डीआरजी के जवानों ने भी जवाबी कार्यवाही की. जवाबी कार्यवाही में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली पीछे हटे और भाग खड़े हुए. इस मुठभेड़ में सुरक्षा बल के जवानों ने तीन चार नक्सलियों को गोली लगने का दावा किया है. उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर खून के धब्बे ही दिखाई दिए हैं. फिलहाल मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बल के जवान इलाके में गहन सर्चिंग अभियान चला रहे हैं. सर्चिंग के बाद ही और जवानों की पार्टी वापस लौटने से पूरी जानकारी देने के बाद सुकमा पुलिस अधीक्षक ने कही है.