दंतेवाड़ा (कवि सिन्हा)। जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा द्वारा एनएमडीसी में लगातार दो दिनों से धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इस धरना प्रदर्शन में युवा बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। वहीं जिपं अध्यक्ष के धरना प्रदर्शन को भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के जिला सचिव भीमसेन मंडावी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस धरना प्रदर्शन को वोट बैंक व भोले-भाले आदिवासियों को फुसलाने का आरोप लगाया है। इस बयान पर पलटवार करते तुलिका कर्मा ने कहा कि सीपीआई के पेट में दर्द होना लाजमी है क्योंकि हमेशा एनएमडीसी का घेराव सीपीआई ही करती आई है। सीपीआई आंदोलन तो करती है पर उसका परिणाम कभी सामने नहीं आया। आज सभी युवा जागरूक होकर अपना हक मांग रहे हैं तो उन्हें डर सता रहा है कि उनकी पूछपरख कही कम ना हो जाए। तुलिका ने कहा कि लाल पानी से सबसे ज्यादा प्रभावित यही वो 12 पंचायतें हैं, जहाँ के युवा आंदोलन में शामिल है। हमेशा इन्हें मुआवजे के नाम थोड़ी बहुत राशि दी जाती है पर इस बार उन्हें एनएमडीसी लेबर सप्लाई में भर्ती दिलाकर भरपाई की जाएगी। भीमसेन मंडावी आंदोलन की लोकप्रियता से घबरा गए हैं, इस कारण वह इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। जिपं अध्यक्ष ने आगे कहा कि आदिवासियों के साथ छलावा कौन कर रहा है और कितने सालों के करते आ रहें हैं यह बताने की जरूरत नहीं है। जब भी कोई आंदोलन आदिवासियों के हित में होती है तो सीपीआई उसे दबाने का प्रयास जरूर करती है। मगर हम डरेंगे नहीं बल्कि अब दोगुनी ताकत से आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे। रही बात एन एम डी सी में एल वन व एल टू में भर्ती प्रक्रिया का तो सरकार की पहल पर ही प्रशासन द्वारा कोचिंग की व्यवस्था की गई। जिसके फलस्वरूप दंतेवाड़ा जिले के 95 प्रतिशत से भी ज्यादा युवाओं की भर्ती बचेली व किरन्दुल में हुई है। एल वन में भी स्थानीय युवाओं की ही भर्ती होगी।
आंदोलन को लेकर फैल रही अफवाहें…
जिपं अध्यक्ष तुलिका कर्मा ने आंदोलन को लेकर फैल रही अफवाहों पर कहा कि लगातार अफवाहें उड़ाई जा रही है कि लेबर सप्लाई में सिर्फ आदिवासियों को नोकरी दी जा रही है जो सही नहीं है। जो आदमी लगातार कई वर्षों से जिले में निवास कर रहा है वह उसका भी पुरा हक है लेबर सप्लाई में कार्य करने का। हम सिर्फ उन लोगों का विरोध कर रहे हैं जो कुछ दिनों से आकर फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवा हमारे युवाओं का हक मारते हैं। तुलिका ने आगे कहा कि अफवाहों पर ध्यान ना दें सभी वर्ग को बराबरी का मौका मिलेगा।