चेतन कापेवार, बीजापुर। बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों में लगातार कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलह देखने को मिल रहा है। बीजापुर में युवा आयोग के सदस्य अजय सिंह पर निष्कासन के कार्यवाही से नाराज भैरमगढ़ नगर पंचायत के उपाध्यक्ष जोगेंद्र देवांगन अपनी पत्नी पार्षद लता देवांगन के साथ कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के हाथों सौंपा है।

निष्कासन के बाद अजय सिंह ने प्रेस वार्ता आयोजित कर बीजापुर के विधायक विक्रम शाह मंडावी पर संगीन आरोप लगाया है। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भविष्य में विधायक विक्रम मंडावी से उनकी जान को खतरा बना रहेगा। इसके साथ ही यह भी कहा कि पूर्व विधायक राजेंद्र पामभोई की मौत के लिए भी विधायक विक्रम शाह मंडावी को जिम्मेदार ठहराया है। आरोप लगाते हुए अजय सिंह ने कहा कि बीजापुर विधायक की मनमानी के चलते कांग्रेस में अंतर्कलह का बम फूटा है। इससे पहले भी विधायक की मनमानी का आरोप लगाकर भैरमगढ़ नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष लवकुमार रायडू ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। वहीं कांग्रेस छोड़ने के सवाल पर अजय सिंह रो पड़े और उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने उन्हें नाम और सम्मान दिया उसको कभी नहीं छोड़ेंगे।

बस्तर संभाग में कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलह की वजह से लगातार इस्तीफे का दौर जारी है। बीजापुर से लगे दंतेवाड़ा में भी कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलह देखने को मिल रहा है। बीते दिनों बीजापुर के किरंदुल में भी कांग्रेस के दिग्गज नेता ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *