जगदलपुर (डेस्क) – इंद्रावती नदी में बने जलसंकट को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आज गुरुवार को राज्य की भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए है. इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों ने इंद्रावती नदी में बने जलसंकट की समस्या का जल्द निराकरण नही होने पर आगामी दिनों में बड़ा आंदोलन सरकार के खिलाफ करने की बात कही है.
शहर के राजीव भवन में आयोजित पत्रवार्ता में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि बस्तर की प्राणदायिनी इंद्रावती नदी को बचाने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में तपती धूप में कांग्रेस के कार्यकर्ता, किसान और आमजनों ने 40 किमी की पदयात्रा कर कलेक्ट्रेट का घेराव किया. वहीं दूसरी तरफ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, जो बस्तर के ही रहने वाले है, उन्होंने इस मामले में किसी तरह की कोई सकारात्मक पहल नही की और ना ही उन्होंने इसे लेकर सरकार पर दबाव बनाया. इंद्रावती नदी की समस्या को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, जलसंसाधन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप सिर्फ कागजों में नदी की जलधारा को दिखाने का झूठा काम कर रहे है. इसके साथ ही वह ओड़िसा से पानी छोड़ने का झूठा और मनगढ़त कागजी कार्यवाही करने का इवेंट करते नजर आते है. उन्होंने कहा कि इंद्रावती नदी की स्थिति अगर नही सुधरी तो बस्तरवासियों को पलायन करना पड़ेगा. सुशील मौर्य ने कहा कि जब तक कांग्रेस पार्टी की इंद्रावती नदी में जलप्रवाह की मांग पूरी नही होगी तब तक किसानों के लिए कांग्रेस की यह लड़ाई जारी रहेगी.
वहीं बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं इंद्रावती विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि बस्तर की प्राणदायिनी इंद्रावती नदी पूरी तरह से सुख चुकी है. पिछले कई दिनों से इंद्रावती नदी से प्रभावित किसान नदी में पानी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे है. लेकिन भाजपा की डबल इंजन की सरकार किसानों की मांग को अनसुना कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जलसंसाधन मंत्री केदार कश्यप बस्तर से ही आते है. लेकिन यह बहुत ही शर्मनाक बात है कि इस मामले में मंत्री और उनका विभाग मौन बैठा हुआ है. एक तरफ किसानों को सिंचाई के लिए नदी से पानी नही मिल रहा है वहीं दूसरी तरफ विभाग के अधिकारी अपना शीशमहल बना रहे है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जनता के लिए और अधिकारियों के लिए दो अलग अलग कानून चल रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पदयात्रा तो सिर्फ आगाज है, अगर जरूरत पड़ी तो कांग्रेस पार्टी बस्तर से दिल्ली तक लड़ाई लड़ेगी.
पत्रवार्ता में मौजूद छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री मलकीत सिंह गैदु ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, जलसंसाधन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप से इस मामले में बीते डेढ़ वर्षों में क्या कार्यवाही की इस पर सवाल किया है. उन्होंने राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही भाजपा ने इंद्रावती विकास प्राधिकरण को ठंडे बस्ते में डालने का आरोप लगाया है. इसके साथ ही उन्होंने इंद्रावती विकास प्राधिकरण के कार्यालय में ताला लगाने और इसमें सरकारी नियुक्तियां नही करवा पाने का भी आरोप सरकार पर लगाया है. उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर राज्य की भाजपा सरकार सत्ता की लोलुपता में पूरी तरह से निष्ठुर हो चुकी है. लेकिन कांग्रेस पार्टी इंद्रावती नदी को बचाने का हर संभव कार्य करेगी.
पत्रवार्ता के दौरान बस्तर जिला कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, महामंत्री जाहिद हुसैन, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, उप नेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, सुषमा सुता, विक्रम सिंह डांगी, ललिता राव, शुभम यदु, एस. नीला सहित अन्य कांग्रेसी भी मौजूद रहे.